Haldighati Sarg 14 by Shyam Narayan Pandey: पिछले सर्ग में आपने पढ़ा कि युद्ध समाप्त होने के बाद महाराणा प्रताप अपने प्रिय घोड़े चेतक को खोकर अत्यंत दुखी हो जाते हैं। चेतक की मृत्यु से राणा का हृदय व्याकुल हो उठता है। शक्तिसिंह उन्हें अपना घोड़ा देकर आगे बढ़ने में सहायता करते हैं। इस प्रकार चेतक अपनी स्वामिभक्ति और बलिदान से अमर हो जाता है।
Haldighati Poem के इस चौदहवें सर्ग में आप हल्दीघाटी युद्ध के बाद का अत्यंत हृदयविदारक दृश्य पढ़ेंगे। युद्धभूमि पर चारों ओर बिखरी सैनिकों की लाशें, उन्हें खाते कौवे, कुत्ते, गिद्ध और सियार तथा प्रकृति का भयावह रूप कवि ने विस्तार से चित्रित किया है। युद्ध समाप्त हो चुका है, लेकिन उसकी विनाशलीला के निशान अभी भी धरती पर मौजूद हैं। महाकवि श्याम नारायण पाण्डेय जी ने इस सर्ग में युद्ध की भयावहता और उसके विनाशकारी परिणामों का मार्मिक वर्णन किया है।
हल्दीघाटी चौदहवाँ सर्ग
| 📌काव्य | हल्दीघाटी |
| 📁सर्ग | चौदहवाँ |
| ✍️रचयिता | श्याम नारायण पाण्डेय |
| 🏷️प्रकार | खण्डकाव्य |
सम्पूर्ण हल्दीघाटी: Haldighati Full Poem
हल्दीघाटी तेरहवाँ सर्ग: Haldighati Poem Sarg 13
Haldighati Sarg 14
रजनी भर तड़प–तड़पकर
घन ने आँसू बरसाया।
लेकर संताप सबेरे
धीरे से दिनकर आया॥1॥
था लाल बदन रोने से
चिन्तन का भार लिये था।
शव–चिता जलाने को वह
कर में अंगार लिये था॥2॥
निशि के भीगे मुरदों पर
उतरी किरणों की माला।
बस लगी जलाने उनको
रवि की जलती कर–ज्वाला॥3॥
लोहू जमने से लोहित
सावन की नीलम घासें,
सरदी–गरमी से सड़कर
बजबजा रही थीं लाशें॥4॥
आँखें निकाल उड़ जाते,
क्षण भर उड़कर आ जाते,
शव–जीभ खींचकर कौवे
चुभला–चुभलाकर खाते॥5॥
वर्षा–सिंचित विष्ठा को
ठोरों से बिखरा देते,
कर काँव–काँव उसको भी
दो–चार कवर ले लेते॥6॥
गिरि पर डगरा डगराकर
खोपड़ियां फोर रहे थे।
मल–मूत्र–रूधिर चीनी के
शरबत सम घोर रहे थे॥7॥
भोजन में श्वान लगे थे
मुरदे थे भू पर लेटे।
खा माँस, चाट लेते थे
चटनी सम बहते नेटे॥8॥
लाशों के फार उदर को
खाते–खाते लड़ जाते।
पोटी पर थूथुन देकर
चर–चर–चर नसें चबाते॥9॥
तीखे दाँतों से हय के
दाँतों को तोर रहे थे।
लड़–लड़कर, झगड़–झगड़कर
वे हाड़ चिचोर रहे थे॥10॥
जम गया जहाँ लोहू था
कुत्ते उस लाल मही पर!
इस तरह टूटते जैसे
मार्जार सजाव दही पर॥11॥
लड़ते–लड़ते जब असि पर,
गिरते कटकर मर जाते।
तब इतर श्वान उनको भी
पथ–पथ घसीटकर खाते॥12॥
आँखों के निकले कींचर,
खेखार–लार, मुरदों की।
सामोद चाट, करते थे
दुर्दशा मतंग–रदों की॥13॥
उनके न दाँत धंसते थे
हाथी की दृढ़ खालों में।
वे कभी उलझ पड़ते थे
अरि–दाढ़ी के बालों में॥14॥
चोटी घसीट चढ़ जाते
गिरि की उन्नत चोटी पर।
गुर्रा–गुर्रा भिड़ते थे
वे सड़ी–गड़ी पोटी पर॥15॥
ऊपर मंडरा मंडराकर
चीलें बिट कर देती थीं।
लोहू–मय लोथ झपटकर
चंगुल में भर लेती थीं॥16॥
पर्वत–वन में खोहों में,
लाशें घसीटकर लाते,
कर गुत्थम–गुत्थ परस्पर
गीदड़ इच्छा भर खाते॥17॥
दिन के कारण छिप–छिपकर
तरू–ओट झाड़ियों में वे
इस तरह मांस चुभलाते
मानो हों मुख में मेवे॥18॥
खा मेदा सड़ा हुलककर
कर दिया वमन अवनी पर।
झट उसे अन्य जम्बुक ने
खा लिया खीर सम जी भर॥19॥
पर्वत–श्रृंगों पर बैठी
थी गीधों की पंचायत।
वह भी उतरी खाने की
सामोद जानकर सायत॥20॥
पीते थे पीव उदर की
बरछी सम चोंच घुसाकर,
सानन्द घोंट जाते थे
मुख में शव–नसें घुलाकर॥21॥
हय–नरम–माँस खा, नर के
कंकाल मधुर चुभलाते।
कागद–समान कर–कर–कर
गज–खाल फारकर खाते॥22॥
इस तरह सड़ी लाशें खाकर
मैदान साफ कर दिया तुरत।
युग–युग के लिए महीधर में
गीधों ने भय भर दिया तुरत॥23॥
हल्दीघाटी संगर का तो
हो गया धरा पर आज अन्त।
पर, हा, उसका ले व्यथा–भार
वन–वन फिरता मेवाड़–कन्त॥24॥
हल्दीघाटी पंद्रहवाँ सर्ग: Haldighati Poem Sarg 15